1 january को कैसा रहेगा मौसम?

01 जनवरी 2025: कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ होगी नए साल की शुरुआत, दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर


नई दिल्ली: नए साल का आगाज कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में शीतलहर का असर नजर आ रहा। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड समेत समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड झेल रहा है। ऐसे में नए साल यानी एक जनवरी को भी हालात ज्यादा अलग नहीं होंगे। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह मौसम सर्द रहेगा। मौसम विभाग ने ठिठुरन भरा दिन रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। दिल्ली से सटे हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम जारी रहेगा। कई इलाकों में तेज सर्द हवाएं भी चलने की संभावना है।



क्या दिल्ली में और गिरेगा पारा? 


दिल्ली-NCR में शीतलहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिन ऐसे ही हालात रहेंगे। इसका मतलब साफ है कि नए साल पर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में पारा नीचे आएगा। मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है और सोमवार को न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस था।



शीतलहर का कितना असर  पड़ेगा? 


मौसम विभाग ने अधिकतर स्थानों पर सुबह घने कोहरे के साथ 'ठंडा दिन' रहने का अनुमान जताया गया है। शाम और रात में धुंध या हल्का कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

नए साल पर कैसा मौसम रहेगा? 


झारखंड में अगले दो दिनों के भीतर तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में नए साल का स्वागत घने कोहरे और सर्द हवाओं के साथ होगा। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है।

झारखंड में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा


विशेषकर उत्तरी झारखंड में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। झारखंड में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड


हरियाणा और पंजाब में विभिन्न स्थानों पर कड़ाके की ठंड जारी रही और दोनों राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा का नारनौल मंगलवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.7 और 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

क्या पंजाब में तेजी से गिर रहा न्यूनतम तापमान


पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संगरूर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि फरीदकोट में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.4, 8.9 तथा नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

तेज हवाओं से राजस्थान में गलन वाली सर्दी पड़ने की संभावना


राजस्थान में उत्तरी बफीर्ली हवाओं के असर से सर्दी तेज हो गई और गलन वाली ठंड तथा कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, शीतलहर के आगामी दो-तीन दिन तक यथावत रहने और बुधवार को शीतलहर का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है।

मंगलवार को सुबह घने कोहरे के कारण जयपुर, अजमेर, राजसमंद, सीकर, पाली, कोटा, जोधपुर, उदयपुर सहित कई जिलों में दृश्यता कम रही। सड़कों पर गाड़ी चलाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजधानी जयपुर समेत कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ